28 जून से 2 जुलाई 2026 तक LPU फगवाड़ा तथा PAP ग्राउंड जालंधर में करवाई जा रही है ये लीग
जालंधर, एच एस चावला। “दिव्यांग इंडियन क्रिकेट लीग” जो वर्ष 2012 से निरंतर आयोजित की जा रही है, जिसके चलते इस वर्ष इस लीग का आयोजन 28 जून 2026 से 2 जुलाई 2026 तक Lovely Professional University (एल.पी.यू.), फगवाड़ा तथा पी.ए.पी. ग्राउंड, जालंधर में किया गया है।
इस प्रतियोगिता में देश के 24 राज्यों से लगभग 200 दिव्यांग खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त इस बार कुछ अंतरराष्ट्रीय टीमें भी प्रतियोगिता का हिस्सा बनेंगी, जिससे इस आयोजन का महत्व और बढ़ गया है। इस लीग की विशेषता यह है कि इसमें डेफ (श्रवण बाधित) एवं ब्लाइंड (दृष्टिबाधित) खिलाड़ी अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं।
जिन बच्चों को सुनने, देखने या बोलने में कठिनाई होती है, वे अपने आत्मविश्वास, समर्पण और टीम भावना के बल पर क्रिकेट जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं। यह वास्तव में प्रेरणादायक और भावुक कर देने वाला दृश्य होता है।
आयोजन समिति द्वारा रोटेरियन महेश गुप्ता को 2 जुलाई को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर रोटेरियन महेश गुप्ता ने संस्था के अध्यक्ष पदम पासी (Padam Pasi) तथा उनकी पूरी टीम को इस सराहनीय पहल के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों के अदम्य साहस, आत्मविश्वास और प्रतिभा का उत्सव है।
उन्होंने कहा, “जब हम इन खिलाड़ियों को मैदान में खेलते हुए देखते हैं तो यह किसी चमत्कार से कम नहीं लगता। कोई सुन नहीं सकता, कोई देख नहीं सकता और कोई बोल नहीं सकता, फिर भी वे आपसी तालमेल और अद्भुत कौशल के साथ क्रिकेट खेलते हैं। यह मानव संकल्प शक्ति और ईश्वर की असीम कृपा का अनुपम उदाहरण है।
रोटेरियन महेश गुप्ता ने पदम पासी एवं उनकी संस्था को इस प्रेरणादायक आयोजन के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह लीग भविष्य में और अधिक ऊंचाइयों को प्राप्त करे तथा दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के और अधिक अवसर प्रदान करे।
















