
बी.एल.ओ द्वारा दावे एवं आपत्तियों से संबंधित प्रपत्र प्राप्त किए जाएंगे
जालंधर, एच एस चावला। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा योग्यता दिनांक 1-1-2025 के आधार पर मतदाता सूचियों के विशेष सरसरी पुनरीक्षण के संबंध में जारी प्रोग्राम के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 23 और 24 नवंबर, 2024 (शनिवार और रविवार) को विशेष कैम्प लगाए जा रहे हैं, जहां बीएलओ लोगों से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर -कम -जिला निर्वाचन पदाधिकारी डा. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि मतदाता सूचियों के विशेष सरसरी संशोधन के तहत 28 नवंबर 2024 तक आम जनता/मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जानी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शनिवार 23 नवंबर एवं रविवार 24 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैम्प का आयोजन किया जा रहा है, जहां बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहकर दावा एवं आपत्ति फॉर्म प्राप्त करेंगे।
डा.अग्रवाल ने बताया कि मतदाता सूची में नामांकन के लिए फॉर्म नंबर 6, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म नंबर 7, मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन/निवास परिवर्तन/बिना संशोधन के डुप्लीकेट कार्ड प्राप्त करना/विकलांग के तौर पर मार्किंग करवाने के लिए फॉर्म नंबर 8 के लिए भरा जा सकता है ।उन्होंने यह भी बताया कि ये फॉर्म मतदाता सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर ऑनलाइन भी भरे जा सकते हैं। इसके अलावा एनआरआई मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए फॉर्म नंबर-6ए भरा जा सकता है।
डिप्टी कमिश्नर ने जिलावासियों से प्रशासन द्वारा लगाए जा रहे इन कैम्प का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय के टोल फ्री वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।























































