
PRIME INDIAN NEWS ✍️ H S CHAWLA
चंडीमंदिर, (PIN) :- पश्चिमी कमान में सिविल-मिलिट्री अफेयर्स एवं संयुक्त अभियानों के सलाहकार कर्नल जसदीप संधू को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और उल्लेखनीय योगदान के लिए सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी द्वारा अचीवर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान चंडीमंदिर में आयोजित वेटरन्स अचीवर्स अवॉर्ड समारोह के दौरान प्रदान किया गया। इस समारोह में कर्नल जसदीप संधू के अलावा 5 अन्य पूर्व सैनिकों, ब्रिगेडियर डी. गरेवाल, कर्नल सी. पी. विज, कैप्टन परमिंदर सिंह, कैप्टन रणजीत सिंह तथा सार्जेंट संजीव कुमार गोयल को भी विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान के लिए अचीवर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि ब्रिगेड ऑफ गार्ड्स से संबंध रखने वाले कर्नल जसदीप संधू पश्चिमी कमान में सिविल-मिलिट्री अफेयर्स के प्रथम सलाहकार रहे हैं। उन्होंने अकेले अपने प्रयासों से पश्चिमी एवं दक्षिण-पश्चिमी कमानों और विभिन्न राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से वर्षों से लंबित अनेक जटिल मामलों का समाधान संभव हो सका और सैन्य तथा नागरिक प्रशासन के बीच मजबूत तालमेल विकसित हुआ।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राज्य सरकारों को सक्रिय करने तथा आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उनके योगदान को भी व्यापक सराहना मिली। विभिन्न राज्य सरकारों ने उनके कार्यों को सम्मानित करते हुए अनेक राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए हैं। पूर्व सैनिकों के कल्याण और राज्य सरकारों में पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार आरक्षण सुनिश्चित कराने की दिशा में उनके प्रयासों की भी व्यापक प्रशंसा की गई है। उनके योगदान को सैन्य एवं नागरिक दोनों क्षेत्रों में विशेष रूप से सराहा जाता है।
बता दें कि कर्नल जसदीप संधू जालंधर कैंट से संबंधित हैं और वह सिख कौम की “भाई कनईया मिसल” के सरदार जय सिंह संधू के वंशज हैं। उनकी जालंधर में तीन बार पोस्टिंग हुई, जिसके चलते उन्होंने महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया और सामाजिक कार्य व स्थानीय बच्चों की भर्ती में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यही नहीं वह कैंटोनमेंट बोर्ड जालंधर के सदस्य भी रह चुके हैं।























































