
अर्जुन राजपूत का भारत अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय – डॉ. अनूप कुमार
जालंधर, एच एस चावला। डीएवी कॉलेज जालंधर के लिए यह गर्व का क्षण है कि बीबीए प्रथम वर्ष के छात्र अर्जुन राजपूत का चयन भारत अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि कॉलेज शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।अर्जुन पहले भी अपनी क्रिकेट प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उन्होंने प्रतिष्ठित वीनू मांकड़ ट्रॉफी में पंजाब का प्रतिनिधित्व किया था। इसके अलावा, उन्होंने पंजाब अंडर-16 टीम की कप्तानी करते हुए टीम को खिताब दिलाया था। उनकी नेतृत्व क्षमता और शानदार प्रदर्शन की व्यापक सराहना हुई थी।
इस उपलब्धि पर अर्जुन के कॉलेज आगमन पर उनका विशेष स्वागत किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार, शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. मनु सूद, उप-प्राचार्य डॉ. कुंवर राजीव, रजिस्ट्रार प्रो. अशोक कपूर तथा प्रो. शरद मनोचा उपस्थित रहे। अर्जुन के साथ उनके कोच श्री अंकुर तथा बड़े भाई करण राजपूत भी मौजूद थे। डीएवी कॉलेज प्रबंधक समिति, नई दिल्ली के अध्यक्ष एवं पद्मश्री डॉ. पुनम सूरी ने भी अर्जुन को अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं भेजीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अर्जुन अपनी प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण के बल पर देश का नाम रोशन करेंगे तथा डीएवी संस्थाओं की समृद्ध खेल परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।

अर्जुन को बधाई देते हुए प्राचार्य डॉ. अनूप कुमार ने कहा, “अर्जुन राजपूत का भारत अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन डीएवी कॉलेज जालंधर ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। डीएवी में हम प्रतिभा को पहचानने, उसे सही मार्गदर्शन देने और उसे उत्कृष्टता तक पहुंचाने में विश्वास रखते हैं। अर्जुन की सफलता उनकी मेहनत, उनके मार्गदर्शकों के सहयोग और कॉलेज द्वारा उपलब्ध कराए गए सकारात्मक वातावरण का परिणाम है। मुझे विश्वास है कि वह आगे भी नई ऊंचाइयों को छुएंगे और देश का गौरव बढ़ाएंगे।”
अपनी खुशी व्यक्त करते हुए अर्जुन राजपूत ने कहा, “भारत की अंडर-19 टीम का हिस्सा बनना मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है। मैं अपने परिवार, कोच श्री अंकुर, साथियों और डीएवी कॉलेज जालंधर के प्रबंधन का आभारी हूं, जिन्होंने हमेशा मेरा उत्साहवर्धन किया। कॉलेज ने मुझे पढ़ाई और खेल के बीच संतुलन बनाकर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी। यह चयन मेरे सफर की शुरुआत है और मैं आगे भी पूरी मेहनत से खेलूंगा।”
डॉ. मनु सूद ने अर्जुन की अनुशासन, समर्पण और खेल के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता अनेक युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा बनेगी।कॉलेज परिवार ने अर्जुन राजपूत को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी भारत, पंजाब और अपने कॉलेज का नाम रोशन करते रहेंगे।
















