
ऐसे सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों में नई पीढ़ी की भागीदारी अत्यंत आवश्यक – रोटेरियन महेश गुप्ता
जालंधर छावनी। सैवी चावला/रमन जिंदल। समस्त अग्रवाल समाज, जालंधर छावनी द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को बड़े हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री अशोक मित्तल जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्री शरद अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

जालंधर छावनी के अग्रवाल समाज के हर घर से लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे समारोह भव्य एवं यादगार बन गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महाराजा अग्रसेन जी के जीवन पर आधारित एक शानदार एकांकी एवं विशेष प्रस्तुति रही। इसके माध्यम से महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, उनके आदर्शों, समाज सुधार के कार्यों और मानवता के प्रति उनके योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को महाराजा अग्रसेन जी की जीवनी और उनके प्रेरणादायक विचारों से परिचित करवाया।


अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन, पंजाब इकाई के प्रधान रोटेरियन महेश गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का जीवन समानता, आपसी सहयोग, भाईचारे और समाज सेवा का अनुपम उदाहरण है। उनका प्रसिद्ध सिद्धांत “एक ईंट, एक रुपया” समाज के प्रत्येक व्यक्ति को एक-दूसरे की सहायता करने तथा समानता की भावना से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।


रोटेरियन महेश गुप्ता ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों में नई पीढ़ी की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को अपने महापुरुषों के इतिहास, संस्कृति, संस्कारों और गौरवशाली परंपराओं के बारे में जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी परिवारों से आग्रह किया कि वे अपनी अगली पीढ़ी को ऐसे आयोजनों से जोड़ें, ताकि हमारी सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रहे और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँच सके।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में श्री श्याम बाबा मंडल, जालंधर छावनी के सभी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। इनमें विशेष रूप से अश्विनी सिंगला, आशु, राकेश एरन, लवली, गोयल, गीना, अंकुर गोयल (सीए) तथा मंडल के अन्य सदस्यों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया।
इस अवसर पर पूर्व वाइस प्रेसिडेंट श्री राम अवतार अग्रवाल, श्री अशोक मित्तल, श्री शरद अग्रवाल, रोटेरियन महेश गुप्ता, अश्विनी सिंगला, राकेश एरन, लवली, अंकुर गोयल (सीए), राजीव गोयल, राकेश अग्रवाल, कनिष्क अग्रवाल, कन्नू, राजेंद्र बंसल, अने गुप्ता, संजय गोयल, मनु गोयल एवं अमित गोयल सहित समस्त अग्रवाल समाज, जालंधर छावनी के गणमान्य व्यक्ति एवं परिवार उपस्थित रहे।
समारोह ने समाज में एकता, सांस्कृतिक चेतना और आपसी भाईचारे का सुंदर संदेश दिया। उपस्थित सदस्यों ने महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को अपनाने तथा समाज की एकता, सेवा भावना और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का संकल्प लिया।
















































