
जालंधर कैंट, सैवी चावला/रमन जिंदल। “एक आसरा” NGO की ओर से भीषण गर्मी के चलते बेजुबान जानवरों और पंछियों के पानी पीने के लिए स्थानीय दीप नगर जालंधर कैंट में स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के बाहर मेन रोड पर मिट्टी के छोटे व बड़े कटोरे वितरण किये गये।

बेजुबानों के प्रति इंसानियत का फर्ज निभाते हुए “एक आसरा” NGO द्वारा रोड पर आने जाने वाले वाहनों को रोक कर लोगों को जानवरों व पंछियों की सेवा प्रति प्रेरित करते हुए उन्हें बेजुबानों को पानी पिलाने के लिए घरों के बाहर व छतों पर रखने हेतु मिट्टी के कटोरे निशुल्क वितरित किए गए ताकि भीषण गर्मी में बेजुबानों की जान को बचाया जा सके।


यही नहीं “एक आसरा” NGO घायल जानवरों के इलाज से लेकर रेस्क्यू तक कर रही है।
इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए NGO की अध्यक्ष श्रीमती जसप्रीत कौर स्याल ने बताया कि “एक आसरा” NGO लंबे समय से सड़कों पर घूम रहे बेसहारा जानवरों और पंछियों की सेवा कर रही है व उनके द्वारा गाय/बैल, स्ट्रीट डॉग सहित अन्य बेजुबान जीवों का इलाज, रेस्क्यू तथा देखभाल का कार्य लगातार किया जा रहा है।
जसप्रीत कौर स्याल ने बताया कि यदि कोई जानवर एक्सीडेंट होने के कारण घायल अवस्था में मिलता है तो NGO के सदस्य मौके पर पहुंचकर उसका इलाज करवाते हैं और उसे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाते हैं।

उन्होंने बताया कि सड़कों पर घूम रहे बेसहारा जानवरों के कारण कई बार हादसे हो जाते हैं, जिन्हें रोकने के लिए NGO द्वारा जानवरों को रेडियम बेल्ट भी पहनाई जाती हैं ताकि अंधेरे में वाहन चालकों को वे दूर से दिखाई दे सकें ताकि कोई घटना घटित होने से बचाव किया जा सके।
जसप्रीत कौर स्याल ने कहा कि NGO द्वारा बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए लोग घायल या जरूरतमंद जानवरों एवं पंछियों की सूचना देते हैं, जिसके बाद टीम के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचकर सहायता करते हैं। इसके अलावा संस्था के के सदस्य अपने जन्मदिन, मैरिज एनिवर्सरी और अन्य खुशी के मौकों पर अनाथ आश्रम, पिंगलवाड़ा जैसे स्थानों पर जाकर वहां रहने वाले लोगों के साथ समय बिताते हैं और त्योहारों पर रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित करते हैं।
उन्होंने कहा कि एक आसरा NGO जानवरों और पंछियों की जान बचाने हेतु कार्य कर रही है जोकि समाज के लिए प्रेरणादायक है और सभी लोगों को चाहिए कि वह इस तरह के सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर अपने जीवन को सौभाग्यशाली बनाएं।
















