जालंधर कैंट, सैवी चावला/रमन जिंदल। स्वच्छता, सुंदरता, स्वच्छ वातावरण और सफाई की मिसाल कायम करते हुए कैंटोनमेंट बोर्ड जालंधर कैंट राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर चुका है, जिसके लिए बोर्ड प्रशासन अपनी अहम भूमिका निभाता आ रहा है।
राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर कैंटोनमेंट बोर्ड जालंधर के CEO कुंवर ओमपाल सिंह के दिशा-निर्दशों अनुसार कैंटोनमेंट क्षेत्र को स्वच्छ व सुंदर रखने के लिए भरसक प्रयत्न किए जा रहे हैं, जिसके लिए निरंतर रूप से कई टीमों द्वारा घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर CEO कुंवर ओमपाल सिंह ने कहा है कि सभी कैंट वासियों को डेंगू बुखार से बचने के लिए जागरूकता दिखानी अति आवश्यक है, जिसके लिए वह कैंटोनमेंट बोर्ड प्रशासन द्वारा बताए गए सभी निर्देशों की पालना करें, जैसे कि अपने घरों के आसपास पानी न खड़ा होने दें, घरों में रखे हुए गमले, टूटे बर्तनों व डिब्बों में पानी न रखें, पानी की टंकी, कूलर, फ्रिज के पीछे पानी जमा न होने दें, खिड़कियों को बंद रखें और मच्छरदानी का उपयोग करें, अधिक तेज बुखार होने पर तुरंत डॉक्टरी सहायता लें।
CEO कुंवर ओमपाल सिंह ने बताया कि कैंटोनमेंट क्षेत्र में जनहित के लिए कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, पशु-पक्षियों के लिए भीषण गर्मी से बचने और उनको राहत देने के लिए पानी का प्रबंध किया गया है और छावनी क्षेत्र में हजार घोसलें लगाए गए हैं, जिसमें पक्षी धूप से निजात प्राप्त कर रहे हैं।
CEO कुंवर ओमपाल सिंह ने बताया कि पक्षियों को दाना डालने के लिए कैंट में कई स्थानों पर चबूतरे बनाए गए हैं, जहां रोजाना सैकड़ों की तादाद में पक्षी दाना चुगने के लिए पहुंचते हैं। पक्षी और मवेशियों के लिए पानी के कटोरे और होदियां बनाई गई हैं, जिनमें रोजाना कैंट बोर्ड कर्मचारी टैंकर के जरिए पानी भरते हैं। इसके अलावा कैंटोनमेंट क्षेत्र में जीवन बशर कर रहे नागरिकों की सुविधा के लिए कई प्रोजैक्ट आरंभ होने जा रहे हैं, जिसका लाभ सभी नगर वासियों को मिलेगा।
CEO कुंवर ओमपाल सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे इस गर्मी के मौसम में अपने घर की छतों पर अवश्य पानी और दाना डाल कर रखें, जिससे कि पक्षियों को खाना और पानी आसानी से मिल सके।
















