ਦੇਸ਼ਦੁਨੀਆਂਪੰਜਾਬ

AAP के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के निवास पर ED की रेड

जालंधर, एच एस चावला। आज की बड़ी खबर जालंधर से सामने आई है, जहां पंजाब के राज्यसभा सांसद व लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के चांसलर अशोक मित्तल के घर ईडी की टीम ने रेड की है। मिली जानकारी के मुताबिक ED की टीम ने आज सुबह करीब 9 बजे उनके निवास पर दबिश दी और जांच शुरू की। घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है।

यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के कथित उल्लंघन से जुड़े मामले में की जा रही है। छापेमारी लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU), लवली ऑटोज, लवली स्वीट्स और लवली डिस्टेंस एजुकेशन सेंटर सहित कई स्थानों पर जारी है। इसके अलावा अशोक मित्तल के परिवार से जुड़े आवासीय और व्यावसायिक परिसरों की भी जांच की जा रही है। जिनमें उनके भाई रमेश मित्तल और नरेश मित्तल के ठिकाने शामिल हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में राघव चड्ढा को हटाकर अशोक मित्तल को राज्यसभा में उपनेता बनाया गया था। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। अशोक मित्तल पंजाब के प्रसिद्ध शिक्षाविद् हैं और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक एवं चांसलर भी हैं। वे वर्ष 2022 में राज्यसभा पहुंचे थे।

ED की रेड के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि पंजाब चुनाव से पहले भाजपा एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि “आम आदमी पार्टी को दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन हम झुकने वाले नहीं हैं।”

वहीं पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव की रणनीति बताते हुए कहा कि पंजाब की जनता सब देख रही है और चुनाव में इसका जवाब देगी।

फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है और राजनीतिक गलियारों में इस छापेमारी को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button