चंडीगढ़, (PRIME INDIAN NEWS) :- पंजाब में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। दिनों दिन बढ़ते तापमान के कारण आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। राज्य के कई जिलों में तापमान 45-46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिस कारण धरती में अधिक तपिश बढ़ रही है।
उत्तरी भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून की धीमी गति के कारण पंजाब में लंबे समय से गर्मी का प्रकोप जारी है। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग ने एक राहत भरी खबर दी है कि 13 जून की शाम से मौसम में बदलाव आने की संभावना है। विभाग के अनुसार, बादल छाने और तेज हवाएं चलने के साथ बारिश होने के आसार हैं। 14 जून को तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग ने पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में अगले 2 दिनों के लिए ‘हीट वेव’ का येलो अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी विशेष रूप से सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच के समय के लिए है, जब तापमान अपने चरम पर होता है।
चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल सिंह ने कहा कि अगले तीन दिनों तक गर्मी बहुत ज्यादा रहेगी। 18, 19 और 20 जून को बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया गया है। यानी यहां कई स्थानों पर तेज हीटवेव और कुछ स्थानों पर गर्म रातें होने की संभावना है।
इसके साथ ही अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, एसएएस नगर, फतेहगढ़ साहिब, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, मोगा, संगरूर, रूपनगर और पटियाला जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले दो दिनों तक राज्य का मौसम शुष्क रहने की संभावना है, और इसके बाद दूर-दराज के इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। 12 और 13 जून को कुछ स्थानों पर और 14 जून को राज्य के कुछ स्थानों पर हीटवेव की संभावना है। हालांकि, 14 से 17 जून तक कुछ स्थानों पर गरज, बिजली और तेज हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से) की संभावना है। रात में मौसम गर्म रहेगा।
विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों को इस दौरान घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग ने ‘लू’ से बचाव के लिए सुझाव जारी किए हैं; धूप में बाहर जाते समय छतरी या टोपी का उपयोग करें, जितना हो सके पानी पिएं, हल्के और सूती कपड़े पहनें और दोपहर के समय भारी व्यायाम और मेहनत से बचें।
















