
जालंधर कैंट, एच एस चावला/सैवी चावला/रमन जिंदल। जालंधर कैंट के अंतर्गत आते केवी-3 स्कूल के बाहर 5वीं की छात्रा की आर्मी के ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक बच्ची की पहचान पायल निवासी सोढल के रूप में हुई है।
घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस और परिजनों को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना कैंट की पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक केवी-4 स्कूल की बस बच्चों को लेकर केवी-3 स्कूल के बाहर पहुंची थी। जिसके बाद सभी बच्चों ने केवी-3 स्कूल से निकलना था, वहीं पायल भी सहेलियों के साथ बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान ट्रक चालक द्वारा यू-टर्न लेने पर पायल ट्रक के टायर के नीचे आ गई और टायर सिर से गुजरने पर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना स्कूल ड्राइवर ने स्कूल प्रबंधक और पिता अशोक कुमार को दी। घटना की सूचना मिलते पिता अशोक मौके पर पहुंचे, जहां बच्ची का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ देख वह बेसुध हो गया। पीड़ित पिता ने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
















