ਦੇਸ਼ਦੁਨੀਆਂਪੰਜਾਬ

श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित ‘रन फॉर इक्वालिटी’ मैराथन में 650 एथलीटों ने लिया भाग, कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने दिखाई झंडी

युवाओं को समानता, सामाजिक न्याय व विश्वव्यापी भाईचारे की साझ का रास्ता अपनाने का दिया आह्वान

जालंधर, एच एस चावला। पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित 5 किलोमीटर ‘रन फॉर इक्वालिटी’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सरकारी आर्ट्स एंड स्पोर्ट्स कॉलेज से शुरू हुई इस मैराथन में 650 एथलीटों ने भाग लिया। यह मैराथन कपूरथला चौक, वर्कशॉप चौक और डी.ए.वी. कालेज से होते हुए उसी रूट से वापिस कॉलेज पहुंचकर समाप्त हुई।

मैराथन में शामिल एथलीटों, खेल क्लबों और एन.जी.ओ. का उत्साह सराहनीय था।इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को बड़े स्तर पर मनाने के लिए प्रदेश भर में प्रोग्रामों की श्रृंखला शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर महान कीर्तन दरबार करवाए गए है, जबकि मुख्यमंत्री द्वारा रवाना की गई विशेष वैनों के माध्यम से 12,000 से अधिक गांवों में श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन व दर्शन पर आधारित वृत्तचित्र फिल्म दिखाई जा चुकी है।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार ने इन समारोहों के हिस्से के तौर में श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित 6.50 लाख पौधे लगाने का अनूठा अभियान भी शुरू किया है। उन्होंने बताया कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं के प्रसार और अकादमिक शोध को प्रोत्साहित करने के लिए डेरा सचखंड बल्लां के पास करीब 11 एकड़ क्षेत्र में श्री गुरु रविदास जी वाणी अध्ययन केंद्र की स्थापना की जा रही है।

श्री भगत ने आगे बताया कि प्रकाश पर्व समारोहों के अगले चरण में प्रदेश भर में ड्रोन शो भी करवाए जा रहे है। उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा करवाई जा रही ‘खेड़ां वतन पंजाब दीया-2026’ के संबंध में भी विस्तार से प्रकाश डाला और युवाओं को इन खेलों को बड़े स्तर पर सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे की साझ के संदेश को प्रोत्साहित करके श्री गुरु रविदास महाराज जी की विचारधारा को अमल में लाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने प्रदेशवासियों को गुरु जी द्वारा दिखाए गए सद्भावना, सामाजिक न्याय, समानता और आपसी प्रेम के मार्ग पर चलने का भी आह्वान किया।

मैराथन के दौरान लड़कों की श्रेणी में जशन, दीपक सिंह, रणजोत सिंह, लवप्रीत और भावित ने पहले पांच स्थान हासिल किए। जबकि लड़कियों में से हरमिंदर कौर, जसलीन, हरनूर, सुखप्रीत और ख्वाइश पहले पांच स्थानों पर रही। कैबिनेट मंत्री ने एथलीटों को मेडल पहना कर सम्मानित किया। मैराथन में शिरकत करने वाले एन.जी.ओ. और खेल क्लबों को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर दिव्या पी., एस.डी.एम. लाल विश्वास बैंस, जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह, सहायक निदेशक युवक सेवाएं रवी दारा, सचिव रेड क्रॉस सोसाइटी सुरजीत लाल और तैराकी कोच उमेश शर्मा भी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button