
रोटरी क्लब ऑफ जालंधर के प्रधान महेश गुप्ता एवं कैंटोनमेंट बोर्ड के सीईओ ओमपाल सिंह विशेष रूप से रहे उपस्थित
जालंधर कैंट, एच एस चावला। रोटरी क्लब ऑफ जालंधर के प्रधान रोटेरियन महेश गुप्ता की अगुवाई में जालंधर कैंट बोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल (बॉयज) के खेल मैदान में एक सराहनीय सामाजिक एवं खेल प्रोत्साहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कैंट फुटबॉल क्लब का विशेष सहयोग रहा। कैंटोनमेंट बोर्ड के सीईओ श्री ओमपाल सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।


इस अवसर पर कैंट फुटबॉल क्लब तथा कैंट बोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल (बॉयज एवं गर्ल्स) के खिलाड़ियों को अच्छी गुणवत्ता का खेल सामान वितरित किया गया। इसमें फुटबॉल शूज, फुटबॉल, फुटबॉल नेट, टी-शर्ट, मोजे (सॉक्स), शिन गार्ड सहित खिलाड़ियों के लिए फल, पौष्टिक आहार एवं रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही खेल मैदान में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

कैंट फुटबॉल क्लब एवं स्कूल प्रबंधन द्वारा इस सराहनीय कार्य के लिए कैंटोनमेंट बोर्ड के सीईओ ओमपाल सिंह तथा रोटरी क्लब ऑफ जालंधर के सदस्यों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ जालंधर के प्रधान रोटेरियन महेश गुप्ता ने कहा कि जालंधर कैंट स्थित कैंट बोर्ड स्कूल का इतना सुंदर, स्वच्छ एवं व्यवस्थित खेल मैदान अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। सीईओ ओमपाल सिंह के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्कूल प्रबंधन तथा कैंट फुटबॉल क्लब द्वारा मैदान को बेहतर बनाए रखना प्रशंसनीय है। उन्होंने उन सभी लोगों की सराहना की, जो बिना किसी शुल्क के विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों एवं खिलाड़ियों को खेलों का प्रशिक्षण दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी बेहद आवश्यक हैं। आज खेलों के माध्यम से युवा अपने भविष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। खेल मैदान स्वस्थ जीवन, अनुशासन और नशामुक्त समाज की मजबूत नींव तैयार करते हैं। जो युवा खेलों से जुड़ते हैं, उनमें सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा विकसित होती है।
महेश गुप्ता ने आश्वासन दिया कि रोटरी क्लब ऑफ जालंधर आने वाले दिनों में भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध करवाने तथा ऐसे जनहितकारी कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहेगा। उन्होंने फुटबॉल कोच देवेंद्र कुमार राजू एवं उनकी पूरी मैनेजमेंट टीम की सराहना करते हुए उनके समर्पण और योगदान के लिए धन्यवाद किया।
कैंटोनमेंट बोर्ड के सीईओ श्री ओमपाल सिंह ने कहा कि वह कैंट क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्हें खेलों के प्रति विशेष रुचि है और उनकी इच्छा है कि बच्चे खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने परिवार और समाज का नाम रोशन करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि कैंट बोर्ड स्कूल के खेल मैदान को भविष्य में और अधिक सुंदर एवं सुविधाजनक बनाया जाएगा, ताकि विभिन्न खेलों के लिए पर्याप्त स्थान और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्ति एवं रोटेरियन
इस अवसर पर पीडीजी रोटेरियन बरजेश सिंघल, रोटेरियन धन्या नायर, शिव बंसल, रोटेरियन संजय कनौजिया, रोटेरियन सतीश मदान (क्लब सचिव), सतविंदर कौर, कमल अग्रवाल, सुखविंदर सिंह, सुमित गोयल, राकेश गुप्ता, दर्शना गुप्ता, हरित गुप्ता, डिम्पी कनौजिया, प्रिंसिपल हरमीत सिंह अटवाल, महेंद्र बाबा, भरत बत्रा, राजन घई, स्कूल स्टाफ के सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब ऑफ जालंधर की इस पहल ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, युवाओं को नशे से दूर रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सराहनीय संदेश दिया।
















