
जालंधर, एच एस चावला। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में पैदा हुए तनावपूर्ण माहौल को अब पूरी तरह काबू में कर लिया गया है। सतकर्ता के तौर पर यूनिवर्सिटी के आसपास के इलाकों में कुछ समय के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। वहीं, DGP गौरव यादव आज जमीनी स्तर पर स्थिति का जायजा लेने के लिए यूनिवर्सिटी पहुंचे।
स्थिति का जायजा लेने के बाद DGP गौरव यादव ने कहा कि पंजाब सरकार कानून-व्यवस्था के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिसने भी कानून अपने हाथ में लिया है, उसके खिलाफ कानून के अनुसार बनती सख्त कारवाई की जाएगी।
DGP गौरव यादव ने बताया कि छात्रों से बातचीत के दौरान सामने आया है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन को लेकर विद्यार्थियों में काफी रोष था। जांच टीम द्वारा गंभीरता से पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों, पुलिस की गाड़ियों पर हमला करने वालों व तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा रही है, जिसे लेकर पुलिस CCTV फुटेज भी खंगाल रही है।
DGP गौरव यादव ने स्पष्ट तौर पर कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
















