
जालंधर कैंट, एच एस चावला। 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में होने जा रहे प्रभु श्री राम जी के आगमन के उपलक्ष्य में पूरे भारत में श्री राम प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण दिया जा रहा है, इसी कड़ी के चलते जालंधर कैंट के वरिष्ठ भाजपा नेता पुनीत भारती शुक्ला, मनजीत कुमार पांडे, गुरविंदर सिंह लांबा एवं युवा भाजपा नेता शिवम शर्मा प्रभु श्री राम जी के इस महान कार्य में सेवा करके अपने आपको अति सौभाग्यशाली मानते हुए घर घर अक्षत वितरण व निमंत्रण पत्र देकर अपना जीवन धन्य कर रहे है।
इन रामभक्तों द्वारा प्रभु श्री राम के भजनों के साथ अक्षत वितरण व निमंत्रण पत्र घर-घर पहुंचाने का शुभ आरंभ किया गया तथा 22 जनवरी प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के उपलक्ष्य में सभी नगर वासियों को अपने घरों में दीपमाला करने व पटाखों के साथ भव्य दीपावली मनाने की विनती की।
पुनीत भारती शुक्ला, मनजीत कुमार पांडे, गुरविंदर सिंह लांबा एवं युवा भाजपा नेता शिवम शर्मा ने PRIME INDIAN NEWS के प्रतिनिधि से बातचीत करते हुए कहा कि 22 जनवरी को श्री राम जन्मभूमि अयोध्या में होने वाले श्री राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर दुनियाभर में भक्तिमय माहौल बन चुका है, जिसके चलते भारत में ही नहीं विदेशों में रहने वाले भारतीय इस ऐतिहासिक दिन को महा दीपावली पर्व के तौर पर मनाने जा रहे है। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए बड़े गर्व की बात है कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम जी का भव्य मंदिर बनकर तैयार है, जिसमें 22 जनवरी को प्रभु श्री राम लला विराजमान होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्राण प्रतिष्ठा समारोह में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु नतमस्तक होकर प्रभु श्री राम जी का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए अयोध्या पहुँच रहे हैं।
इन सभी भाजपा नेताओं ने कहा कि यह दिन हम सबके लिए बड़ा सौभाग्यशाली है क्योंकि सैंकड़ों वर्षों की लम्बी प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में बन रहे भव्य मंदिर में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा से देश-विदेश में बसे श्री राम भक्तों में भारी उत्साह पाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसी उपलक्ष्य में 21 जनवरी 2024 को सभी रामभक्तों के सहयोग से जालंधर कैंट क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है एवं 22 जनवरी 2024 को मंदिरों में समागम किये जा रहे हैं। उन्होंने सभी रामभक्तों व नगर वासियों को अपने घरों, दुकानों, मंदिरों व अन्य स्थानों को अयोध्या की तरह सजाने के साथ-साथ श्री राम ध्वज लहराने तथा दीपमाला करने का भी निवेदन किया है।
गौरतलब है कि वरिष्ठ भाजपा नेता पुनीत भारती शुक्ला को सन 1990 में श्री राम आंदोलन में जांघ पर गोली लगी थी। वह अब पंजाब प्रदेश भाजपा कार्यकारणी सदस्य के साथ साथ जालंधर कैंटोनमेंट बोर्ड के सिविल मैंबर के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मनजीत कुमार पांडे भाजपा जालंधर कैंट मंडल के अध्यक्ष रह चुके हैं व कैंट क्षेत्र के साथ साथ बाहरी इलाकों में भी गणमान्य सख्शियत के तौर पर जाने जाते हैं। गुरविंदर सिंह लांबा जिला भाजपा के उपाध्यक्ष के तौर पर सेवा निभा रहे हैं तथा ये कैंट क्षेत्र से सिख समुदाय के पहले व्यक्ति हैं जिन्हें हाल ही में रेलवे विभाग से सबंधित स्टेशन कंसल्टेटिव कमेटी (SCC) जालंधर का सदस्य बनाया गया है, जोकि कैंट वासियों के लिए गर्व की बात है। वहीं युवा भाजपा नेता शिवम शर्मा महानगर में प्रसिद्ध समाज सेवक के तौर पर जाने जाते हैं। उन्होंने कोरोना काल के दौरान अपनी टीम के साथ मिलकर जालंधर के साथ साथ आसपास के इलाकों में भी अपनी बहुमुल्य सेवाएं प्रदान की थी और आज भी मानवता की सेवा करने हेतु हर वक्त ततपर रहते हैं। महानगर में वह अच्छी खासी पहचान के मालिक हैं।





























